बिहार की राजनीति में शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित मिलन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कई नेताओं ने एक साथ थामा भाजपा का दामन
मृत्युंजय तिवारी के साथ सनातन सेवक संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार अशोक, जन सुराज के मुकेश शुक्ला, अमर कुमार सिंह, राजद के संदीप कुमार दुबे, मनीष कुमार, सावन कुमार गुप्ता, अमित चौबे, अंकित कुमार समेत कई नेताओं और समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
'शुचिता की राजनीति करने वाला व्यक्ति सही जगह आया' : संजय सरावगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नवागंतुक नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि मृत्युंजय तिवारी लंबे समय से एक प्रभावशाली प्रवक्ता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। उन्होंने कहा कि "शुचिता की राजनीति करने वाला व्यक्ति गलत दल में था, अब सही जगह आया है।" उनके अनुसार, तिवारी के भाजपा में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
'मोदी के नेतृत्व पर बढ़ रहा जनता का भरोसा'
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं और पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।
मंगल पांडेय ने किया स्वागत
पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने मृत्युंजय तिवारी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रवक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने दावा किया कि मृत्युंजय तिवारी हमेशा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के करीब रहे हैं और उनके भाजपा में शामिल होने से संगठन को नई ताकत मिलेगी।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
मिलन समारोह में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार झा, डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, प्रभात मालाकार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।