अगर आप Netflix का इस्तेमाल करते हैं और अपने परिवार या दोस्तों के साथ एक ही अकाउंट शेयर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। Netflix ने अपने लॉगिन सिस्टम में बड़ा बदलाव शुरू कर दिया है। अब कंपनी चाहती है कि एक ही अकाउंट में मौजूद हर प्रोफाइल की अपनी अलग Email ID हो। पहले एक ही Email ID और Password से अकाउंट की सभी प्रोफाइल आसानी से इस्तेमाल की जा सकती थीं, लेकिन अब कई यूजर्स को अपनी प्रोफाइल के साथ अलग ईमेल एड्रेस जोड़ने का नोटिफिकेशन मिल रहा है।
क्या है Netflix का नया नियम?
Netflix के नए नियम के तहत, एक अकाउंट में मौजूद हर सेकेंडरी प्रोफाइल के लिए अलग Email ID जोड़ना जरूरी होगा। कंपनी के अनुसार, यह बदलाव 15 जून 2026 से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। हालांकि, Kids Profile पर यह नियम लागू नहीं होगा। मुख्य अकाउंट होल्डर पहले की तरह पूरे अकाउंट को मैनेज करता रहेगा।
कंपनी ने क्यों किया यह बदलाव?
Netflix का कहना है कि इस बदलाव का मकसद हर यूजर को उसकी प्रोफाइल पर ज्यादा कंट्रोल देना है। अलग Email ID होने से यूजर्स अपने प्रोफाइल को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर अकाउंट रिकवरी भी पहले से आसान होगी। इसके अलावा, नए डिवाइस पर लॉगिन करना, सिक्योरिटी फीचर्स का इस्तेमाल करना और व्यक्तिगत सेटिंग्स को संभालना भी आसान हो जाएगा।
यूजर्स को मिलेंगे ये फायदे
Netflix के मुताबिक, नए अपडेट के बाद हर प्रोफाइल का अपना अलग लॉगिन एक्सपीरियंस होगा। इससे यूजर्स अपनी भाषा, ऑडियो और अन्य पर्सनल सेटिंग्स को आसानी से मैनेज कर सकेंगे। अगर किसी यूजर का अकाउंट एक्सेस खो जाता है, तो अलग Email ID होने की वजह से अकाउंट रिकवर करना भी पहले के मुकाबले ज्यादा आसान होगा।
किन यूजर्स पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो Shared Account या Extra Member के तौर पर Netflix का इस्तेमाल करते हैं। अगर आप किसी दूसरे के Netflix अकाउंट में सेकेंडरी प्रोफाइल इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपको अपनी प्रोफाइल के साथ अलग Email ID जोड़ने का नोटिफिकेशन मिल सकता है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
Netflix के इस नए अपडेट को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे बेहतर सिक्योरिटी और अकाउंट मैनेजमेंट के लिए जरूरी कदम मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि यह बदलाव पासवर्ड शेयरिंग पर सख्ती बढ़ाने की दिशा में कंपनी का अगला कदम हो सकता है। कुछ लोगों ने प्राइवेसी को लेकर भी चिंता जताई है।