दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे NEET अभ्यर्थियों के समर्थन में जन अधिकार पार्टी (JAP) की कुशीनगर जिला इकाई ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिला अध्यक्ष कृष्णा कुशवाहा के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
जन अधिकार पार्टी के जिला अध्यक्ष कृष्णा कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर की गई कथित पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज स्वीकार्य नहीं है तथा इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
छात्रों के समर्थन में रखीं पांच प्रमुख मांगें
ज्ञापन में पार्टी ने छात्रों के समर्थन में पांच प्रमुख मांगें रखीं—
- प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए सभी छात्रों और आंदोलनकारियों को बिना शर्त रिहा किया जाए।
- छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।
- कथित दुर्व्यवहार और बल प्रयोग के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
- धरनारत अभ्यर्थियों की न्यायसंगत और वैधानिक मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।
- भविष्य में छात्रों के शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
पार्टी नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर आवश्यक हस्तक्षेप किया जाए और संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश जारी किए जाएं। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए और उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाना चाहिए।