ओटीटी की सबसे लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिर्जापुर' अब सिनेमाघरों का रुख करने जा रही है। मेकर्स ने 'मिर्जापुर: द मूवी' का बहुप्रतीक्षित टीजर जारी कर दिया है। टीजर में एक बार फिर मिर्जापुर की सत्ता और गद्दी की जंग की झलक देखने को मिलती है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
टीजर में दिखे पुराने किरदार, नए अंदाज में
रिलीज हुए टीजर में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अपने चर्चित किरदारों में नजर आ रहे हैं। टीजर में इन किरदारों के बीच मिर्जापुर की गद्दी को लेकर टकराव की झलक दिखाई गई है। साथ ही दमदार एक्शन और ड्रामा फिल्म को बड़े पर्दे के लिए खास बनाते नजर आते हैं।
जितेंद्र कुमार और रवि किशन की दमदार एंट्री
फिल्म में इस बार कुछ नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं। 'पंचायत' फेम जितेंद्र कुमार और अभिनेता रवि किशन पहली बार 'मिर्जापुर' की दुनिया का हिस्सा बने हैं। टीजर में दोनों का अलग अंदाज देखने को मिलता है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में उनकी भूमिका काफी अहम होगी। 'मिर्जापुर: द मूवी' में सीरीज के कई लोकप्रिय किरदार एक बार फिर नजर आएंगे। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और फैंस के सबसे पसंदीदा किरदारों में शामिल मुन्ना भैया की वापसी ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है।
फिल्म में नजर आएगी बड़ी स्टार कास्ट
फिल्म की स्टार कास्ट में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास जैसे कलाकार शामिल हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
'मिर्जापुर: द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।