केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंचे जवान आनंद विश्वकर्मा का गोंडा जिले में ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया गया। जवान की इस उपलब्धि से पूरे गांव में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
रेलवे स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत
गोंडा के विकासखंड छपिया की ग्राम पंचायत धानेपुर के मजरा मिर्जापुर निवासी आनंद विश्वकर्मा जैसे ही मसकनवा रेलवे स्टेशन पहुंचे, वहां पहले से मौजूद परिजन, मित्र और ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। स्वागत के दौरान देशभक्ति के नारे गूंजते रहे और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
माता के दरबार में टेका माथा
स्वागत जुलूस के साथ आनंद विश्वकर्मा सबसे पहले सम्मय माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संघर्ष और मेहनत से हासिल की सफलता
आनंद विश्वकर्मा एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। बताया गया कि उन्होंने कई असफलताओं का सामना करने के बावजूद हार नहीं मानी और लगातार मेहनत, अनुशासन तथा लगन के बल पर CISF में चयनित होकर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
ग्रामीणों ने कहा कि आनंद की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका मानना है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। गांव में आनंद विश्वकर्मा के स्वागत को लेकर पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।