बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा फिल्मों में शामिल '3 इडियट्स' के सीक्वल को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। अब निर्देशक राजकुमार हिरानी ने खुद इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने न सिर्फ फिल्म के सीक्वल की पुष्टि की, बल्कि फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट से जुड़ी कई अफवाहों पर भी विराम लगा दिया।
क्या विक्की कौशल बनेंगे 'फोर्थ इडियट'?
पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि फिल्म के सीक्वल में एक नए किरदार की एंट्री होगी और अभिनेता विक्की कौशल 'फोर्थ इडियट' के रूप में नजर आ सकते हैं। हालांकि, राजकुमार हिरानी ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। एक इंटरव्यू में हिरानी ने कहा, "मुझे भी सुनने में आया है कि फिल्म का नाम '4th Idiots' रखा जाएगा, लेकिन यह नाम हमने नहीं रखा है। यह मीडिया में चल रही चर्चा है। सच यह है कि फिल्म में कोई फोर्थ इडियट नहीं है और कहानी करीब 20 साल आगे की होगी।"
कहानी में दिखेगी मिड-लाइफ क्राइसिस
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के सीक्वल में रैंचो, फरहान और राजू की जिंदगी के उस दौर को दिखाया जाएगा, जब वे अपने करियर और निजी जीवन की चुनौतियों का सामना कर रहे होंगे। यानी इस बार कहानी कॉलेज लाइफ नहीं, बल्कि मिड-लाइफ क्राइसिस के इर्द-गिर्द घूमेगी।
स्क्रिप्ट पर अभी जारी है काम
राजकुमार हिरानी ने यह भी बताया कि फिल्म अभी शुरुआती लेखन चरण में है। उन्होंने कहा कि आमिर खान ने फिलहाल केवल शुरुआती ड्राफ्ट पढ़ा है और कहानी का पूरा स्वरूप अभी तैयार होना बाकी है।हिरानी ने कहा, "हम अभी राइटिंग प्रोसेस में हैं। ओवरऑल आइडिया को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। हम सभी '3 इडियट्स' के सीक्वल को लेकर बेहद उत्साहित हैं।"
आमिर खान ने भी दी थी बड़ी अपडेट
इससे पहले आमिर खान ने भी फिल्म के सीक्वल को लेकर उत्साह जताया था। उन्होंने बताया था कि राजकुमार हिरानी एक नया आइडिया लेकर आए हैं और फिल्म से जुड़े सभी कलाकार अपने लोकप्रिय किरदारों को दोबारा पर्दे पर निभाने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
2009 में रिलीज हुई थी ब्लॉकबस्टर फिल्म
25 दिसंबर 2009 को रिलीज हुई '3 इडियट्स' भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में से एक मानी जाती है। फिल्म में आमिर खान, आर माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर, बमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
बॉक्स ऑफिस पर रचा था इतिहास
फिल्म ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, '3 इडियट्स' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 273 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 460 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। यही वजह है कि इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
फैंस को अब सीक्वल का इंतजार
हालांकि फिल्म की रिलीज डेट और आधिकारिक स्टारकास्ट को लेकर अभी कोई घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजकुमार हिरानी के इस अपडेट के बाद यह साफ हो गया है कि '3 इडियट्स' का सीक्वल अब सिर्फ चर्चा नहीं, बल्कि एक वास्तविक प्रोजेक्ट है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।