मेरठ के लालकुर्ती क्षेत्र और सोफीपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा देर रात सड़क पर फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति में लगातार हो रही बाधा से नाराज़ लोगों ने बिजली घर के बाहर प्रदर्शन किया और दिल्ली-रुड़की रोड पर चक्का जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले करीब 20 दिनों से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
सड़क पर बैठकर लगाया चक्का जाम
मामला थाना लालकुर्ती क्षेत्र के दिल्ली-रुड़की रोड स्थित गांधी बाग के पास का है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया। इससे नाराज़ होकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए और दिल्ली-रुड़की रोड के दोनों ओर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और जल्द से जल्द नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
करीब 30 मिनट तक बाधित रहा यातायात
चक्का जाम के कारण दिल्ली-रुड़की रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब 30 मिनट तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
जाम की सूचना मिलते ही लालकुर्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और सड़क खाली कराने का प्रयास किया। समझाइश के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।