बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि नीरज कुमार सिन्हा 13 जुलाई को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यकर्ता पर जताया भरोसा
संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उसी विधानसभा क्षेत्र के एक समर्पित कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने इसे संगठन की कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का उदाहरण बताते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करती है।
अभिषेक कुमार ने नहीं लड़ने का लिया फैसला
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया।
चुनावी तैयारियों में जुटी बीजेपी
बीजेपी ने कहा कि उम्मीदवार के नाम की घोषणा के बाद चुनावी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में जुटेंगे और उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।