अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी पिछली फिल्मों 'थामा' और 'पति पत्नी और वो दो' की सफलता के बाद अब एक और बड़े प्रोजेक्ट के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। अभिनेता ने एक बार फिर यशराज फिल्म्स (YRF) के साथ हाथ मिलाया है और उनकी नई फिल्म 'मुपापा' (Mupapa) का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है।
'मुपापा' में लीड रोल निभाएंगे आयुष्मान
फिल्म 'मुपापा' का निर्माण यशराज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स मिलकर कर रहे हैं। इसमें आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को YRF के सीईओ अक्षय विधानी प्रोड्यूस कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सैयारा' का निर्माण किया था। वहीं, फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी समीर सक्सेना संभाल रहे हैं।
दर्शकों को मिलेगा नया सिनेमाई अनुभव
फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, मेकर्स का दावा है कि 'मुपापा' एक अलग तरह की थिएट्रिकल फिल्म होगी, जो दर्शकों को बड़े पर्दे पर नया और अनोखा अनुभव देगी।
एक्शन, कॉमेडी और ड्रामा का होगा तड़का
अपनी अलग तरह की फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले आयुष्मान खुराना इस बार भी कुछ नया करते नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और ड्रामा का भरपूर मिश्रण देखने को मिलेगा, जिससे यह एक एंटरटेनिंग पैकेज बनने की उम्मीद है।
इस दिन रिलीज होगी 'मुपापा'
फिल्म का आधिकारिक अनाउंसमेंट पोस्टर भी जारी कर दिया गया है। 'मुपापा' 19 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म बड़े पर्दे पर दर्शकों को एक नया अनुभव देगी।
आयुष्मान और YRF की आने वाली फिल्में
'मुपापा' के अलावा आयुष्मान खुराना 'उड़ता तीर' और 'ये प्रेम मोह लिया' जैसी फिल्मों में भी नजर आएंगे। वहीं, यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एल्फा' भी जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसमें आलिया भट्ट, शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।