अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। हाल ही में NEET पेपर लीक विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने गलती से NEET पेपर की जगह NEET न्यूज़पेपर कह दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर कई मीम्स वायरल होने लगे। अब रवि किशन ने इन मीम्स और अपनी वायरल छवि पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
'मीम्स को इग्नोर करना मुश्किल है'
मीडिया से बातचीत में रवि किशन ने कहा कि मीम्स को पूरी तरह नजरअंदाज करना संभव नहीं है, क्योंकि उनके दोस्त, परिवार के लोग और शुभचिंतक लगातार उन्हें ये मीम्स भेजते रहते हैं। उन्होंने कहा, "इतने मीम्स वायरल हो चुके हैं कि उन्हें कोई भी देख सकता है। लोग मुझे लगातार भेज रहे हैं। ये सिर्फ देश ही नहीं, विदेशों तक वायरल हो रहे हैं।"
'लोग कहते हैं मैं भारत का सबसे वायरल आदमी हूं'
रवि किशन ने बताया कि हाल ही में एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि वह भारत के सबसे वायरल इंसान बन चुके हैं। उन्होंने कहा, "आजकल मेरे बारे में यही लिखा जाता है। कभी-कभी मैं खुद सोचने लगता हूं कि आखिर ये सब क्या हो रहा है।"
'मैं नेचुरल हूं, यही मेरी पहचान है'
रवि किशन ने कहा कि वह किसी बनावटी छवि में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा, "मैं नेचुरल हूं। मैं जैसा हूं, वैसा ही हूं। लोग क्या सोचते हैं, यह उनकी बात है, लेकिन मुझे लगता है कि मैं आगे भी वायरल होता रहूंगा।" उन्होंने हंसते हुए कहा कि एयरपोर्ट हो या कोई सार्वजनिक जगह, लोग उन्हें देखकर वीडियो बना लेते हैं और वह फिर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगते हैं।
पहले भी बन चुके हैं मीम्स का हिस्सा
यह पहला मौका नहीं है जब रवि किशन के किसी बयान पर सोशल मीडिया पर मीम्स बने हों। इससे पहले भी "जल्दी द लेट" और "वर्क फ्रॉम होम" की जगह "होम फ्रॉम वर्क" कहने वाले उनके बयान काफी वायरल हुए थे। उस समय भी उन्होंने कहा था कि लोग उन्हें ऐसे देखते हैं जैसे वह किसी दूसरी दुनिया से आए हों, जबकि वह भी बाकी लोगों की तरह सामान्य इंसान हैं और उनसे भी गलतियां हो सकती हैं।
'मिर्जापुर: द फिल्म' में आएंगे नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो रवि किशन हाल ही में फिल्म 'धमाल 4' में नजर आए थे, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अब वह जल्द ही 'मिर्जापुर: द फिल्म' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल और श्वेता त्रिपाठी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।