Apple ने भारत समेत दुनियाभर के ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने अपने MacBook और iPad लाइनअप की कीमतों में 25% तक की बढ़ोतरी कर दी है। यह Apple के इतिहास में सबसे बड़ी प्राइस हाइक में से एक मानी जा रही है। कंपनी का कहना है कि AI-ड्रिवन मेमोरी चिप्स और स्टोरेज कॉम्पोनेंट्स की बढ़ती लागत के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया था। हाल ही में Apple के CEO टिम कुक ने भी संकेत दिया था कि लागत बढ़ने की वजह से कीमतों में बदलाव किया जाएगा।
भारत में MacBook की कीमतों में बड़ा इजाफा
नई कीमतें Apple इंडिया की वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई हैं। सबसे ज्यादा असर MacBook Air और MacBook Pro सीरीज पर देखने को मिला है। M5 चिप वाला 13-इंच MacBook Air, जिसे 1,19,900 रुपये में लॉन्च किया गया था, अब 1,49,900 रुपये में उपलब्ध है। वहीं 15-इंच MacBook Air की कीमत 1,44,900 रुपये से बढ़कर 1,79,900 रुपये हो गई है। MacBook Pro लाइनअप में बढ़ोतरी और भी बड़ी है। 14-इंच MacBook Pro (M5, 16GB RAM), जिसकी लॉन्च कीमत 1,69,900 रुपये थी, अब 2,39,900 रुपये में बिकेगा। वहीं M5 Max वेरिएंट की कीमत में सीधे 1 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जो हाल के वर्षों में Apple की सबसे बड़ी प्राइस हाइक में से एक है।
बजट MacBook भी हुआ महंगा
Apple के एंट्री-लेवल लैपटॉप MacBook Neo की कीमत भी बढ़ा दी गई है। पहले यह 69,900 रुपये में उपलब्ध था, लेकिन अब इसकी कीमत 79,900 रुपये हो गई है। यानी इस मॉडल पर भी ग्राहकों को 10,000 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे।
iPad Air और iPad Pro की कीमतों में भी बढ़ोतरी
सिर्फ MacBook ही नहीं, Apple ने iPad लाइनअप भी महंगा कर दिया है। M4 प्रोसेसर वाले 11-इंच iPad Air की कीमत 64,900 रुपये से बढ़ाकर 89,900 रुपये कर दी गई है। वहीं M5 चिप और 256GB स्टोरेज वाले iPad Pro की कीमत 99,990 रुपये से बढ़कर 1,39,900 रुपये हो गई है। यानी इस मॉडल पर करीब 40 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
iPhone की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं
हालांकि Apple ने MacBook और iPad की कीमतों में बड़ा बदलाव किया है, लेकिन फिलहाल iPhone की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। ऐसे में iPhone खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए फिलहाल राहत की खबर है।
अमेरिका समेत ग्लोबल मार्केट में भी बढ़ीं कीमतें
भारत के साथ-साथ अमेरिका और अन्य देशों में भी Apple ने कीमतें बढ़ाई हैं। अमेरिका में iPad Air की शुरुआती कीमत 599 डॉलर से बढ़कर 749 डॉलर हो गई है, जबकि iPad Pro अब 999 डॉलर की जगह 1,199 डॉलर में मिलेगा। इसी तरह बेस MacBook Air की कीमत 1,099 डॉलर से बढ़कर 1,299 डॉलर कर दी गई है। 14-इंच MacBook Pro की शुरुआती कीमत अब 1,999 डॉलर हो गई है, जबकि पहले यह 1,699 डॉलर थी। वहीं नए MacBook Neo की शुरुआती कीमत भी 599 डॉलर से बढ़ाकर 699 डॉलर कर दी गई है। Apple का कहना है कि बढ़ती उत्पादन लागत और मेमोरी कॉम्पोनेंट्स की कमी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।