रियलिटी शो 'लॉक अप 2' लगातार अपने विवादों और कंटेस्टेंट्स के खुलासों की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है। शो में आए दिन किसी न किसी प्रतिभागी की निजी जिंदगी से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। अब हालिया एपिसोड में कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। उन्होंने बिना सीधे नाम लिए कुशाल टंडन और शिवांगी जोशी से जुड़ा एक दावा किया।
शिवांगी के साथ काम करने का बताया अनुभव
शो के दौरान श्रेया कालरा, शिल्पा शिंदे से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने शिवांगी जोशी के साथ काम करने के अपने पुराने अनुभव को साझा किया। श्रेया ने बताया कि भले ही दोनों ने साथ काम किया था, लेकिन ऑफस्क्रीन उनके बीच कभी खास दोस्ती या नजदीकियां नहीं बन सकीं।
प्रमोशनल शूट के बाद आया था मैसेज
श्रेया के मुताबिक, वह एक टीवी शो के प्रमोशनल वीडियो की शूटिंग कर रही थीं। शूट खत्म होने के बाद उस शो के एक अभिनेता ने उन्हें डायरेक्ट मैसेज (DM) किया। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों में यह जताया कि वह कुशाल टंडन की बात कर रही थीं।
उन्होंने कहा, "उन्होंने मुझे शूट के बाद मैसेज किया। उस वक्त मैं पहले से किसी को डेट कर रही थी। बाद में मुझे पता चला कि उस समय उनके और शिवांगी के बीच भी कुछ चल रहा था। मुझे इसकी जानकारी नहीं थी।"
'उन्होंने पहले मुझे अप्रोच किया था'
श्रेया ने आगे बताया कि जब उनकी मुलाकात दोबारा शिवांगी जोशी से हुई तो शिवांगी ने उनसे कहा कि उन्हें बताया गया है कि श्रेया ने पहले मैसेज किया था।
इस पर श्रेया ने जवाब दिया, "मैंने कहा, एक्सक्यूज मी... मैंने उन्हें मैसेज नहीं किया था, बल्कि उन्होंने खुद पहले मुझे अप्रोच किया था।"
शिवांगी को दिखाई पूरी चैट
श्रेया ने दावा किया कि उन्होंने अपनी सफाई देने के लिए अपना पूरा फोन शिवांगी को दे दिया था। उन्होंने कहा, "मैंने उन्हें पूरी चैट पढ़ने दी। मैंने न तो फ्लर्ट किया था और न ही कोई ऐसी बात कही थी, जिससे गलतफहमी पैदा हो।"
'शूट के बाद रोने लगी थीं'
बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे ने श्रेया से पूछा कि क्या इस घटना के बाद शिवांगी रोने लगी थीं? इस पर श्रेया ने कहा कि शूट खत्म होने के बाद शिवांगी भावुक हो गई थीं और रोने लगी थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब तीन से पांच महीने बाद उन्हें सोशल मीडिया के जरिए दोनों के अलग होने की जानकारी मिली।
नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर कुशाल की चर्चा
हालांकि श्रेया कालरा ने पूरी बातचीत के दौरान किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन दर्शकों और सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि उनका इशारा कुशाल टंडन की ओर था। गौरतलब है कि कुशाल टंडन और शिवांगी जोशी टीवी शो 'बरसातें: मौसम प्यार का' में साथ नजर आ चुके हैं और उस दौरान दोनों के रिलेशनशिप की खबरें भी काफी चर्चा में रही थीं।
फिलहाल दोनों अलग-अलग रियलिटी शोज़ में
इस समय शिवांगी जोशी 'लॉक अप 2' का हिस्सा हैं, जबकि कुशाल टंडन रियलिटी शो 'अलायंस हाउस' में नजर आ रहे हैं। कुशाल अपने बयानों और व्यवहार को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। वहीं, श्रेया कालरा के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर कुशाल और शिवांगी के पुराने रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।