बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस मामले पर अपनी राय रखते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों के हर फैसले और गलतियों के लिए केवल माता-पिता को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।
क्या है केतन अग्रवाल मर्डर केस?
पुणे के 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा था। लेकिन जांच के दौरान मामला पूरी तरह बदल गया। पुलिस के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल ने पूछताछ में हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की। आरोप है कि इस साजिश में उनके कथित पार्टनर चेतन चौधरी भी शामिल थे।
कंगना ने सोशल मीडिया और AI पर उठाए सवाल
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में सिया के पिता का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि आज के समय में बच्चों की सोच पर परिवार से ज्यादा सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उनके दोस्त असर डालते हैं। उन्होंने लिखा, "पहले लोग किसी बच्चे के बारे में जानने के लिए उसके परिवार और परवरिश को देखते थे। लेकिन अब सिर्फ माता-पिता या घर देखकर किसी के संस्कारों का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। यह समझना जरूरी है कि उन्हें कौन प्रभावित कर रहा है, वे किसके साथ समय बिता रहे हैं और सोशल मीडिया व AI उनकी सोच को किस तरह बदल रहे हैं। आज लोग एक समानांतर दुनिया में जी रहे हैं, जहां दिखावा असल जिंदगी से ज्यादा मायने रखता है। इसलिए बच्चों की हर गलती के लिए परिवार को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।"'
सिया के माता-पिता ने क्या कहा?
सिया गोयल के माता-पिता ने India Today TV से बातचीत में दावा किया कि उनकी बेटी इस शादी से खुश थी। सिया की मां ने बताया कि शादी तय करने से पहले उन्होंने कई बार बेटी से पूछा था कि क्या वह केतन से शादी करना चाहती है। हर बार सिया ने हामी भरी और कहा कि उसे केतन पसंद है।
पूछताछ में सामने आई नई जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, कथित तौर पर चेतन चौधरी ने ही सिया गोयल को लोहागढ़ किले पर केतन की हत्या करने के लिए उकसाया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
ट्रेकिंग पर जाने को लेकर परिवार का दावा
सिया के परिवार का कहना है कि लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए जाने का प्रस्ताव केतन का था। सिया शुरू में इसके लिए तैयार नहीं थी क्योंकि अगले दिन परिवार में एक कार्यक्रम था। सिया की मां पूजा गोयल के मुताबिक, सिया ने उनसे कहा था कि वह ट्रेकिंग पर नहीं जाना चाहती। हालांकि, उनका दावा है कि केतन की मां ने सिया को यह कहते हुए जाने के लिए मनाया कि शायद केतन ने उसके जन्मदिन के लिए कोई सरप्राइज प्लान किया हो। फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सिया गोयल और चेतन चौधरी से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।