भागलपुर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे एक बुजुर्ग मरीज की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद उन्हें तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन कोविड प्रोटोकॉल के तहत मरीज का इलाज कर रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है।
सात दिनों से बुखार, खांसी और जुकाम से थे परेशान
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग मरीज पिछले सात दिनों से लगातार खांसी, जुकाम और तेज बुखार से पीड़ित थे। शुरुआत में उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने कोविड संक्रमण की आशंका के चलते आरटी-पीसीआर जांच कराने की सलाह दी। निजी लैब से आई रिपोर्ट में मरीज कोविड पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज शुरू किया गया।
सरकारी जांच से होगी आधिकारिक पुष्टि
मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि मरीज की कोविड रिपोर्ट निजी लैब में पॉजिटिव आई है। अब सरकारी स्तर पर भी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी, ताकि संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि की जा सके।उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। अस्पताल में कोविड मरीजों के इलाज के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मरीज की हालत पर डॉक्टरों की लगातार नजर
मरीज के परिजनों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से उन्हें लगातार खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत थी। पहले निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, लेकिन जब कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई तो डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल भेज दिया। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि मौसम में बदलाव के दौरान यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में परेशानी हो रही हो, तो लापरवाही न करें। तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और जरूरत पड़ने पर कोविड जांच जरूर कराएं। विशेषज्ञों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमण के लक्षण होने पर मास्क का उपयोग करने की भी सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग रख रहा है पूरी निगरानी
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। सरकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।