करीब एक सप्ताह तक अस्थायी प्रतिबंध झेलने के बाद लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप Telegram की Google Play Store पर वापसी हो गई है। केंद्र सरकार ने NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा के दौरान संभावित गलत सूचनाओं और ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए 16 जून से 22 जून तक इस प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाई थी। हालांकि, फिलहाल Telegram अभी भी Apple App Store पर उपलब्ध नहीं है, जिससे iPhone यूजर्स को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
NEET UG री-एग्जाम को लेकर लिया गया था फैसला
जानकारी के मुताबिक, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार से Telegram के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। एजेंसी का आरोप था कि कुछ संगठित नकल गिरोह इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को गुमराह कर रहे थे और उनसे ठगी की जा रही थी। इसी आशंका को देखते हुए सरकार ने एहतियातन Telegram की सेवाओं को अस्थायी रूप से ब्लॉक करने का निर्णय लिया था।
मैसेज एडिटिंग फीचर पर अभी भी जारी है रोक
Telegram की वापसी के बावजूद प्लेटफॉर्म के एक महत्वपूर्ण फीचर पर अभी भी प्रतिबंध जारी है। केंद्र सरकार ने मैसेज एडिटिंग फीचर को 30 जून तक निष्क्रिय रखने का फैसला किया है। सरकार का मानना है कि इस कदम से फर्जी संदेशों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी, खासकर ऐसे समय में जब प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर संवेदनशील माहौल बना हुआ है। इस मामले में Telegram FZ LLC ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हालांकि अदालत ने कंपनी की याचिका खारिज करते हुए केंद्र सरकार के फैसले को बरकरार रखा।
आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत हुई कार्रवाई
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा था कि केंद्र सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया है। अदालत के मुताबिक, आपातकालीन परिस्थितियों में उठाए गए ये कदम उचित, संतुलित और कानूनी रूप से सही थे।
Apple App Store पर वापसी का इंतजार
Google Play Store पर Telegram की वापसी से एंड्रॉयड यूजर्स को राहत मिली है, लेकिन Apple App Store पर ऐप की बहाली को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में iPhone यूजर्स को फिलहाल इंतजार करना होगा।