जनपद के दौरे पर पहुंचे मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गर्भवती महिलाओं का डाटा सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
निर्माणाधीन CM मॉडल स्कूल की गुणवत्ता परखी
महिला चिकित्सालय के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी परसेंडी स्थित निर्माणाधीन CM मॉडल स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने भवन निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की।उन्होंने स्कूल परिसर में बन रहे क्लासरूम, रसोईघर (मिड-डे मील कक्ष), प्रधानाचार्य कक्ष समेत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
स्कूल तक जाने वाली सड़क जल्द दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार सिंह ने अधिकारियों को CM मॉडल स्कूल तक पहुंचने वाले मार्ग की खराब स्थिति पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने संबंधित विभाग को सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों और शिक्षकों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी भी रहे मौजूद, विकास कार्यों की समीक्षा
इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजा गणपति आर भी मौजूद रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली और योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।