पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में खोड़ा थाना पुलिस ने ATM कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 50 ATM कार्ड बरामद किए हैं।
ATM के बाहर खड़े होकर बनाता था लोगों को निशाना
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश कुमार उर्फ अक्की निवासी नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे लोगों को अपना निशाना बनाता था जिन्हें ATM चलाने में ज्यादा जानकारी नहीं होती थी।आरोपी ATM बूथ के बाहर खड़ा होकर लोगों की मदद करने के बहाने उनके कार्ड बदल देता था। इसके बाद पिन नंबर हासिल कर कुछ समय बाद खाते से पैसे निकाल लेता था।
नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में की ठगी की वारदातें
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में कई लोगों के ATM कार्ड बदलकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी के पास से बरामद हुए 50 ATM कार्ड पुलिस जांच में अहम सबूत माने जा रहे हैं।
DCP ने दी मामले की जानकारी
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह ATM मशीनों पर आने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखता था और मौका मिलते ही कार्ड बदलकर ठगी कर देता था।
खोड़ा पुलिस को मिला 25 हजार रुपये का इनाम
पुलिस की इस कार्रवाई पर खोड़ा थाना टीम को सराहनीय कार्य के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और वारदातों की जानकारी जुटा रही है।