बहराइच जिले के कतर्नियाघाट क्षेत्र में तेंदुए के हमले में 88 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना ककरहा रेंज के लोधन पुरवा गांव की है, जहां बुजुर्ग किसान श्री राम यादव रात में अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
जबड़े में दबोचकर जंगल की ओर ले जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि तेंदुआ श्री राम यादव को अपने जबड़े में दबोचकर जंगल की ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ घायल किसान को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल श्री राम यादव को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वन विभाग ने शुरू की जांच
वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील भी की है।