Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

महोबा में बड़ा हादसा टला, पेड़ से टकराई स्कूल वैन, 8 सीट पर बैठे थे 13 बच्चे

प्रकाशित: 13-07-2026, 09:26 AM
महोबा में बड़ा हादसा टला, पेड़ से टकराई स्कूल वैन, 8 सीट पर बैठे थे 13 बच्चे
शेयर करें:

जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बसंत वैली पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय वैन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने बचाए बच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से जा रही स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही वैन में बैठे बच्चे सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया।

बच्चों ने लगाया तेज रफ्तार का आरोप

हादसे में मौजूद कक्षा 7 की छात्रा सृष्टि, छात्र सोम और कक्षा 5 के छात्र समर्थ सहित अन्य बच्चों ने बताया कि चालक वैन तेज गति से चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

पुलिस बोली—प्रारंभिक जांच में स्टेयरिंग फेल होने की आशंका

वहीं, महोबकंठ थाना प्रभारी विनोद कुमार सरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वैन का स्टेयरिंग फेल होना सामने आ रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं

हादसे के बाद एआरटीओ की जांच में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। एआरटीओ दयाशंकर के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वैन का बीमा पहले ही समाप्त हो चुका था। इसके अलावा आरटीओ रिकॉर्ड के अनुसार वैन की स्वीकृत क्षमता केवल 8 बच्चों की थी, जबकि हादसे के समय उसमें 12 से 13 बच्चे सवार थे।

अभिभावकों में नाराजगी

हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा के साथ लापरवाही का आरोप लगाया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: