उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बांदा के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:55 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। आगमन के बाद वह पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
महारानी अवंती बाई की प्रतिमा का करेंगे लोकार्पण
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कालूकुआं चौराहे पर पहुंचकर महारानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
इसके बाद मुख्यमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के खेल मैदान पहुंचेंगे। यहां वह बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगभग 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
लाभार्थियों को वितरित करेंगे विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, आवास की चाबी तथा टूल किट भी वितरित करेंगे।
विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों पर अपने विचार भी रखेंगे।
दोपहर में लखनऊ के लिए होंगे रवाना
सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग दोपहर 12:00 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।