वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के हाथीमल खांता जंगल क्षेत्र के समीप बाघ के हमले में एक 65 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बकरी चराने के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, वृद्ध जंगल के समीप बकरी चराने गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों और वनकर्मियों की मदद से बची जान
वृद्ध की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों और वनकर्मियों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बाघ को वहां से खदेड़ा गया और घायल वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
डॉक्टरों के अनुसार, घायल वृद्ध के शरीर पर कई गहरे जख्म हैं। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
गांवों में दहशत, वन विभाग ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों से जंगल के आसपास सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है।
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि वन विभाग लगातार माइकिंग के माध्यम से लोगों को जंगल के भीतर नहीं जाने की सलाह दे रहा है। उन्होंने कहा कि बाघ की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।