Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

गोरखपुर में 5 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी, 24 घंटे बाद खंडहर में मिला शव, किरायेदार हिरासत में

प्रकाशित: 04-07-2026, 05:57 AM
गोरखपुर में 5 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी, 24 घंटे बाद खंडहर में मिला शव, किरायेदार हिरासत में
शेयर करें:

जिले के सहजनवा नगर पंचायत क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम अंशुमान सिंह की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूकेजी में पढ़ने वाला अंशुमान 2 जुलाई की शाम घर से लापता हो गया था। करीब 24 घंटे बाद उसका शव घर से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहरनुमा मकान में मिला। शव बोरे से ढका हुआ था और उसके चेहरे व गले पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

फुल्की खाने निकला था मासूम, फिर नहीं लौटा घर

जानकारी के अनुसार, सहजनवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-9 स्थित पिपरा निवासी विनय सिंह उर्फ कन्हैया का पांच वर्षीय बेटा अंशुमान सिंह गुरुवार शाम करीब पांच बजे फुल्की खाने के लिए घर से निकला था। उसकी दादी ने उसे इसके लिए पैसे दिए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज में किरायेदार के साथ दिखा बच्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रातभर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में अंशुमान अपने घर के किरायेदार कल्पेश राय के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संतकबीरनगर के बखिरा निवासी 25 वर्षीय कल्पेश राय को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

तलाश के दौरान खंडहर से बरामद हुआ शव

पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस घर से करीब 500 मीटर दूर लुचुई रेलवे ओवरब्रिज के पास झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहरनुमा मकान तक पहुंची, जहां मासूम का शव बरामद हुआ। शव को बोरे से ढका गया था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, सीओ गीडा केएन आनंद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं।

पुलिस: आरोपी हिरासत में, हर पहलू से हो रही जांच

सीओ गीडा केएन आनंद ने बताया कि 2 जुलाई को बच्चे की गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किरायेदार कल्पेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: