बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने पहली बार अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक अहम खुलासा किया है। 35 वर्षीय अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने करीब पांच साल पहले अपने एग्स फ्रीज करवा लिए थे। कृति का कहना है कि यह फैसला उन्होंने भविष्य को ध्यान में रखते हुए और सही समय का फायदा उठाने के लिए लिया था। फिलहाल शादी को लेकर उनका कोई स्पष्ट प्लान नजर नहीं आता।
'मिमी' के दौरान लिया था बड़ा फैसला
'ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे' के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कृति सेनन ने बताया कि उन्होंने फिल्म 'मिमी' की शूटिंग के दौरान एग फ्रीजिंग करवाई थी। उस समय फिल्म के लिए उन्हें वजन बढ़ाना था और उनके शरीर में कई तरह के बदलाव आ रहे थे। कृति ने कहा, "मैं यह बात पहली बार बता रही हूं। मैंने अपने एग्स फ्रीज करवाए थे। मैंने बहुत समझदारी से यह फैसला उस समय लिया, जब मुझे 'मिमी' के लिए वजन बढ़ाना था। किसी ने मुझे सलाह दी थी कि अगर संभव हो तो यह खुद को दिया जाने वाला सबसे अच्छा तोहफा हो सकता है। यह बात मेरे दिमाग में रह गई और मुझे लगा कि यही सही समय है।"
क्या होती है एग फ्रीजिंग?
एग फ्रीजिंग एक आधुनिक मेडिकल प्रक्रिया है, जिसमें महिला के अंडों (Eggs) को निकालकर विशेष तकनीक से लंबे समय तक सुरक्षित रखा जाता है। भविष्य में यदि महिला मां बनना चाहती है, तो इन्हीं एग्स का उपयोग कर वह जैविक रूप से अपना बच्चा जन्म दे सकती है। आजकल करियर और व्यक्तिगत कारणों से कई महिलाएं इस विकल्प को चुन रही हैं।
कबीर बहिया संग रिश्ते को लेकर भी चर्चा
कृति सेनन का नाम पिछले कुछ समय से बिजनेसमैन कबीर बहिया के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों कई मौकों पर एक साथ दिखाई दे चुके हैं। हाल ही में उनके ब्रेकअप की अटकलें भी सामने आई थीं, लेकिन इसके बाद दोनों मुंबई के बांद्रा में डिनर डेट पर साथ नजर आए। वायरल वीडियो में दोनों मुस्कुराते हुए एक ही कार में जाते दिखाई दिए, जिससे रिश्ते में सबकुछ सामान्य होने के संकेत मिले।
'कॉकटेल 2' से मिली सफलता
वर्क फ्रंट की बात करें तो कृति सेनन हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'कॉकटेल 2' में नजर आईं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इसमें उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है।
'डॉन 3' में नजर आने की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कृति सेनन आने वाले समय में 'डॉन 3' का भी हिस्सा बन सकती हैं। हालांकि, फिल्म में उनकी एंट्री को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।