मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे "सेवा, सुशासन एवं समर्पण" सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जनसमस्या समाधान एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी और आम नागरिक शामिल हुए।
मंत्री और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनी गईं और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
मदन कौशिक बोले- पांच वर्षों में विकास को मिली नई गति
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने पाँच वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आईडीपीएल, ऋषिकेश में आयोजित किया गया है, जबकि सभी जिलों में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की संभावनाओं को नई दिशा मिली है। सरकार ने अपने संकल्पों को पूरा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
युवा, महिला और किसान कल्याण पर सरकार का फोकस
मदन कौशिक ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने, महिलाओं को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले पाँच वर्षों में राज्य के समग्र विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। अधिकारियों ने आमजन को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।