'बिग बॉस 19' फेम प्रणित मोरे इन दिनों अपने शो में हुई एक विवादित टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में हैं। शो के दौरान हिमांशु जांगड़ा द्वारा की गई '370 की बिरयानी' वाली टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि महाराष्ट्र साइबर पुलिस और गुरुग्राम पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली। वहीं कई लोगों ने प्रणित मोरे के शो के बहिष्कार की मांग भी उठाई।
सेलेब्स ने भी जताई नाराजगी
इस विवाद पर कई टीवी और सोशल मीडिया हस्तियों ने प्रतिक्रिया दी। उर्फी जावेद और रश्मि देसाई समेत कई सितारों ने इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। अब 'बिग बॉस 19' में प्रणित मोरे के साथ नजर आ चुकीं तान्या मित्तल ने भी इस पूरे विवाद पर अपनी राय रखी है।
'मैं प्रणित को पसंद नहीं करती'
'द सुपर वुमनिया शो' में बातचीत के दौरान तान्या मित्तल ने कहा कि उनका और प्रणित मोरे का रिश्ता कभी अच्छा नहीं रहा। उन्होंने कहा, "मैं प्रणित को पसंद नहीं करती, क्योंकि वह मेरे साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते थे।" तान्या ने यह भी बताया कि लोगों से बात करते समय उनका लहजा और 'तू' जैसे संबोधनों का इस्तेमाल उन्हें असहज महसूस कराता था।
'मैं कभी उनके शो का हिस्सा नहीं बनी'
तान्या मित्तल ने दावा किया कि 'बिग बॉस 19' के दौरान भी उन्होंने कभी 'प्रणित मोरे शो' का हिस्सा बनने की इच्छा नहीं जताई। उनके मुताबिक, शो में दोनों के बीच कई बार बहस और मतभेद देखने को मिले थे।
गलती हुई, लेकिन नफरत की भी सीमा होनी चाहिए
हालांकि व्यक्तिगत मतभेदों के बावजूद तान्या ने प्रणित मोरे के लिए सहानुभूति भी जताई। उन्होंने कहा, "जो हुआ वह गलत था। एफआईआर दर्ज हुई, लोगों ने विरोध किया और प्रणित ने माफी भी मांगी। लेकिन हमें यह भी याद रखना चाहिए कि हर व्यक्ति के पीछे एक परिवार होता है।"
सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर उठाए सवाल
तान्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर लगातार होने वाली ट्रोलिंग को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार लोग किसी एक व्यक्ति को इतना निशाना बनाने लगते हैं कि मामला आलोचना से आगे बढ़कर मानसिक दबाव का कारण बन जाता है।
'कल को मेरे साथ भी ऐसा हो सकता है'
अपने बयान में तान्या ने कहा, "आज मैं किसी और के विवाद पर बात कर रही हूं, लेकिन कल मुझसे भी कोई गलती हो सकती है और सोशल मीडिया मुझे भी नहीं छोड़ेगा।" उन्होंने अपील की कि ऑनलाइन आलोचना अपनी जगह है, लेकिन यह किसी व्यक्ति और उसके परिवार की सामान्य जिंदगी को प्रभावित करने वाली नहीं होनी चाहिए।