इटावा जिले में विधिक माप विज्ञान विभाग ने जुलाई माह के दौरान विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ीं।
गैस एजेंसियों से लेकर पेट्रोल पंप तक हुई जांच
विशेष अभियान के तहत गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों, सर्राफा प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी संस्थानों सहित विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान माप-तौल संबंधी नियमों के पालन की बारीकी से समीक्षा की गई।
कई अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सत्यापन मुद्रांकन न कराना, पैकेज में घटतौली, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और अन्य नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। इन मामलों में विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 एवं संबंधित नियमों के तहत 35 व्यापारियों के चालान किए गए।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
विधिक माप विज्ञान अधिकारी नरेश चंद्रा ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों से नियमों का पालन करने की अपील
नरेश चंद्रा ने व्यापारियों से समय रहते बाट-माप उपकरणों का सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तराजू की जांच के लिए नियमानुसार सत्यापित टेस्ट बाट उपलब्ध रखने की सलाह दी, ताकि उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।