वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद की आड़ में तस्करी कर लाई जा रही विदेशी शराब की खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।
नियमित जांच के दौरान पकड़ा गया कंटेनर
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शुक्रवार शाम चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के एक कंटेनर को जांच के लिए रोका गया।
चालक कंटेनर छोड़कर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, दस्तावेज और इनवॉइस की जांच के लिए कंटेनर को सड़क किनारे लगाने को कहा गया। चालक ने कंटेनर को कुछ दूरी पर खड़ा किया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
लॉक तोड़ने पर सामने आई शराब की खेप
सील बंद कंटेनर का लॉक तोड़कर तलाशी लेने पर अंदर करीब 300 पोटाश फॉस्फेट के डिब्बे मिले। इनके पीछे हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की विदेशी शराब की 297 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 31 लाख 53 हजार 600 रुपये बताई गई है।
नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
उत्पाद विभाग के अनुसार, पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों में वेस्ट लिक्विड मिला है। आशंका जताई जा रही है कि इनका इस्तेमाल शराब की खेप को छिपाने के लिए किया गया था। विभाग ने नमूने प्रयोगशाला भेजने की बात कही है।
मामला दर्ज, जांच जारी
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।