बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने सोमवार सुबह विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
30 नवंबर 2026 तक कार्य पूरा करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत का कार्य हर हाल में 30 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाए। उन्होंने समय-सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पर दिया जोर
मंत्री ने डिस्मेंटलिंग के लिए किए जा रहे स्टेजिंग कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समय-सीमा के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
BRO के साथ समन्वय के निर्देश
इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने अधिकारियों को आगामी चरण में बेली ब्रिज को सुरक्षित हटाने के लिए Border Roads Organisation (BRO) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी तकनीकी और निर्माण कार्य समयबद्ध एवं सुरक्षित तरीके से पूरे किए जाएं।
जनसुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन का कार्य निर्धारित समय में पूरा होने से आम लोगों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।