'बाहुबली' फ्रेंचाइजी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने फैंस के बीच 'बाहुबली 3' को लेकर नई उम्मीद जगा दी है। हालांकि फिल्म को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन स्टार कास्ट के इशारों ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।
डॉक्यूमेंट्री के वीडियो ने बढ़ाई उत्सुकता
दरअसल, 'बाहुबली: द टोर्चबिअरर' नाम की डॉक्यूमेंट्री का एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी साथ नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान तीनों के हावभाव और बयान ने फैंस का ध्यान खींच लिया।
राणा की बात और प्रभास का इशारा बना चर्चा का विषय
वीडियो में राणा दग्गुबाती कहते हैं, "मुझे नहीं पता कि मुझे यह बात सार्वजनिक रूप से कहनी चाहिए या नहीं... लेकिन दुनिया शायद अभी तैयार नहीं है। 'बाहुबली' जरूर वापस आएगी..." इतना कहकर वह रुक जाते हैं। इसी दौरान प्रभास मुस्कुराते हुए तीन उंगलियां दिखाते हैं। उनके इस इशारे के बाद वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं। बस इसी पल ने सोशल मीडिया पर 'बाहुबली 3' की चर्चाओं को और हवा दे दी।
मेकर्स की ओर से नहीं हुई कोई पुष्टि
हालांकि, अब तक फिल्म के निर्माताओं की ओर से 'बाहुबली 3' को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। न तो फिल्म की शूटिंग, कहानी या रिलीज को लेकर कोई जानकारी सामने आई है। यह भी साफ नहीं है कि इसे फिल्म, सीरीज या किसी दूसरे फॉर्मेट में पेश किया जाएगा।
2015 में शुरू हुई थी 'बाहुबली' की ऐतिहासिक यात्रा
'बाहुबली' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में 'बाहुबली: द बिगिनिंग' से हुई थी। फिल्म ने भारतीय सिनेमा में नए रिकॉर्ड बनाए और पैन-इंडिया फिल्मों के दौर को नई पहचान दी। इसके बाद आई 'बाहुबली: द कन्क्लूजन' ने सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ।
आज भी कायम है फिल्म का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड
'बाहुबली: द कन्क्लूजन' ने दुनियाभर में करीब 1,788 करोड़ रुपये की कमाई की थी और यह आज भी भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल है। फिल्म की भव्यता, दमदार कहानी और शानदार विजुअल्स ने प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी को पैन-इंडिया स्टार बना दिया। फिलहाल 'बाहुबली 3' को लेकर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। लेकिन वायरल वीडियो में मिले संकेतों ने फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। अब सभी की नजर मेकर्स की अगली घोषणा पर टिकी है।