Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

हरिद्वार में कारगिल विजय दिवस की तैयारी तेज, 26 जुलाई को शौर्य दिवस पर होंगे कार्यक्रम

प्रकाशित: 15-07-2026, 07:40 AM
हरिद्वार में कारगिल विजय दिवस की तैयारी तेज, 26 जुलाई को शौर्य दिवस पर होंगे कार्यक्रम
शेयर करें:

कारगिल विजय दिवस यानी शौर्य दिवस को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। 26 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कार्यालय में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ होगा आयोजन

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कारगिल विजय दिवस का आयोजन पूरी गरिमा और समयबद्ध तरीके से किया जाए। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ देश के वीर जवानों के योगदान को याद किया जाएगा।

शहीदों को श्रद्धांजलि और वीर नारियों का होगा सम्मान

बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई। इसमें गार्ड ऑफ ऑनर, शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान, मंच व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था, साफ-सफाई, बैठने और जलपान जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं

कारगिल विजय दिवस के महत्व को युवाओं तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे।इसके अलावा 26 जुलाई से पहले खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

सभी विभागों को समय पर व्यवस्था पूरी करने के निर्देश

बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी डॉ. सरिता पंवार ने सभी संबंधित विभागों से समय पर तैयारियां पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि शौर्य दिवस का आयोजन भव्य, गरिमामय और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: