अभिनेता शोएब इब्राहिम इन दिनों अपनी निजी जिंदगी में बेहद कठिन समय का सामना कर रहे हैं। एक ओर उनकी पत्नी और अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, वहीं दूसरी ओर उनके पिता ब्रेन हेमरेज के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। शोएब लगातार अपने पिता की सेहत को लेकर फैंस को अपडेट दे रहे हैं।
24 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं पिता
शोएब के पिता पिछले 24 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। इस दौरान अभिनेता अधिकतर समय अस्पताल में ही उनके साथ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बताया था कि उनके पिता की हालत में सुधार हुआ है और उन्हें आईसीयू से नॉर्मल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
मां से छिपाई थी पिता की असली हालत
अपने लेटेस्ट व्लॉग में शोएब इब्राहिम ने खुलासा किया कि उन्होंने अब तक अपनी मां को पिता की गंभीर हालत के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी थी। वह केवल इतना कहते थे कि सब ठीक है, ताकि उनकी मां ज्यादा परेशान न हों। घर पहुंचने के बाद शोएब ने अपनी मां के साथ बैठकर अस्पताल में बीते 20-25 दिनों की पूरी कहानी साझा की।
वेंटिलेटर और सर्जरी की बात सुनकर हुईं भावुक
व्लॉग में शोएब ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को पहली बार बताया कि उनके पिता कुछ समय तक वेंटिलेटर पर थे और उनकी आवाज भी चली गई थी। बाद में उनकी सर्जरी करानी पड़ी। शोएब ने कहा, "मैंने अम्मी को बताया कि पापा वेंटिलेटर पर थे, उनकी आवाज नहीं थी और फिर उनकी सर्जरी हुई। आज मैंने उन्हें सब कुछ विस्तार से बताया।" यह सुनते ही उनकी मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
राहत की बात, धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं पिता
हालांकि शोएब ने अपनी मां को यह भी बताया कि अब स्थिति पहले से काफी बेहतर है और उनके पिता धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं। यह सुनकर उनकी मां के चेहरे पर राहत और मुस्कान दोनों दिखाई दीं।
अब पिता से मिल सकेंगी अम्मी
शोएब ने यह भी बताया कि अब तक उन्होंने अपनी मां को अस्पताल में पिता से मिलने नहीं दिया था, क्योंकि आईसीयू में उनकी स्थिति देखकर वह और ज्यादा परेशान हो सकती थीं। अभिनेता ने कहा कि अब उनके पिता नॉर्मल वार्ड में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है, इसलिए उनकी मां अब उनसे मिल सकती हैं।
फैंस कर रहे हैं जल्द स्वस्थ होने की दुआ
शोएब इब्राहिम के इस भावुक व्लॉग के बाद फैंस लगातार उनके पिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं लोग शोएब और उनके परिवार के इस मुश्किल दौर में हिम्मत और धैर्य की भी सराहना कर रहे हैं।