टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल अली गोनी और जैस्मिन भसीन एक बार फिर अपनी शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से रिलेशनशिप में रह रहे इस कपल को फैंस जल्द ही शादी के बंधन में बंधते देखना चाहते हैं। अब खुद अली गोनी ने अपनी शादी की प्लानिंग को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
'मम्मी कह रही हैं शादी कर लो', अली गोनी ने दिया बड़ा हिंट
हाल ही में इंस्टेंट बॉलीवुड को दिए इंटरव्यू में अली गोनी ने अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "मेरी मम्मी बोल रही हैं कि शादी कर लो। जैस्मिन भी तैयार है, मैं भी बिल्कुल तैयार हूं।" इसके बाद मुस्कुराते हुए अली ने आगे कहा, "हो सकता है कि जल्द ही आपको कोई अच्छी खबर मिले। प्लान तो हो सकता है।" उनके इस बयान के बाद फैंस कयास लगाने लगे हैं कि दोनों जल्द ही शादी की तारीख का ऐलान कर सकते हैं।
'बिग बॉस 14' से सामने आई थी लव स्टोरी
अली गोनी और जैस्मिन भसीन ने साल 2020 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। शुरुआत में दोनों ने अपने रिश्ते को निजी रखा, लेकिन 'बिग बॉस 14' में अली के जैस्मिन को सपोर्ट करने पहुंचने के बाद दोनों के रिश्ते की चर्चा तेज हो गई। शो के दौरान ही दोनों ने अपने प्यार का इजहार किया और बाद में अपने रिलेशनशिप को ऑफिशियल भी कर दिया।
करियर में भी लगातार एक्टिव हैं अली गोनी
जम्मू-कश्मीर के रहने वाले अली गोनी टीवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। एक्टिंग के साथ-साथ वह बिजनेस से भी जुड़े हुए हैं। हाल ही में वह 'लाफ्टर शेफ 3' में नजर आए, जहां उनके मजेदार अंदाज और कुकिंग स्किल्स को दर्शकों ने काफी पसंद किया।