Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

कांवड़ यात्रा 2026: मेरठ में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी, भीड़भाड़ वाले रास्तों पर दौड़ेंगी 16 बाइक एंबुलेंस

प्रकाशित: 23-07-2026, 08:11 AM
कांवड़ यात्रा 2026: मेरठ में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी, भीड़भाड़ वाले रास्तों पर दौड़ेंगी 16 बाइक एंबुलेंस
शेयर करें:

30 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए मेरठ स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक माइक्रो प्लान तैयार किया है। इस बार भीड़भाड़ और संकरे मार्गों पर श्रद्धालुओं तक तेजी से चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए पहली बार 16 बाइक एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इसके साथ ही कांवड़ मार्गों पर हेल्थ कैंप, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

भीड़भाड़ वाले मार्गों पर दौड़ेंगी 16 बाइक एंबुलेंस

स्वास्थ्य विभाग के माइक्रो प्लान की सबसे बड़ी खासियत 16 बाइक एंबुलेंस हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान अक्सर भारी भीड़ और संकरे रास्तों के कारण बड़ी एंबुलेंस समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाती हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक बाइक पर प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा, जो रेडिएंट जैकेट पहनकर 10 से 12 किलोमीटर के निर्धारित क्षेत्र में लगातार गश्त करेगा। इन बाइक एंबुलेंसों में फर्स्ट एड बॉक्स, जीवनरक्षक दवाइयां और प्राथमिक उपचार की सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को मौके पर ही तत्काल इलाज मिल सके।

32 हेल्थ कैंप और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं

कांवड़ मार्गों पर 32 हेल्थ बूथ और मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। पूरे मेले के दौरान 100 डॉक्टर और 350 स्वास्थ्यकर्मी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सालावा से सिवालखास कांवड़ पटरी मार्ग पर 9 विशेष चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे, जबकि ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार सेवाएं देगी।

अस्पतालों में कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था

मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में कांवड़ियों के लिए 20-20 बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सहयोग से 25 निजी अस्पतालों में भी 5 से 10 बेड आरक्षित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्राथमिक उपचार मिलेगा। गंभीर मरीजों के लिए 108 सेवा की 19 एंबुलेंस, 6 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस और निजी अस्पतालों की 25 एंबुलेंस स्टैंडबाय पर रहेंगी।

सर्पदंश और डॉग बाइट की दवाएं भी उपलब्ध

स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए सभी सीएचसी, पीएचसी और मेडिकल कैंपों में सर्पदंश और कुत्ता काटने के इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।

CMO बोले- श्रद्धालुओं को मौके पर मिलेगा तत्काल इलाज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि जिलाधिकारी, सीडीओ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ सभी कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार 16 बाइक एंबुलेंस सबसे बड़ी पहल है, जो लगातार गश्त करते हुए आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगी। कांवड़ मार्गों पर लगाए गए हेल्थ कैंपों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। साथ ही संपर्क नंबर भी प्रमुख स्थानों और बैनरों पर प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

 
 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: