सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शो के नए सीजन से जुड़ी कई जानकारियां लगातार सामने आ रही हैं। कंटेस्टेंट्स की संभावित लिस्ट को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच अब 'अनुपमा' फेम अभिनेत्री निधि शाह का नाम भी शो से जुड़ गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'बिग बॉस 20' के मेकर्स ने निधि शाह को शो में शामिल करने के लिए संपर्क किया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और मेकर्स उन्हें इस सीजन का हिस्सा बनाना चाहते हैं।
यह पहली बार नहीं है जब निधि शाह को 'बिग बॉस' के लिए अप्रोच किया गया हो। इससे पहले भी मेकर्स उन्हें शो में लाने की कोशिश कर चुके हैं। हालांकि उस समय बात नहीं बन पाई थी। अब एक बार फिर उनके शो में आने की संभावना जताई जा रही है।
निधि शाह को टीवी शो 'अनुपमा' से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। शो छोड़ने के बाद वह छोटे पर्दे से दूर हैं और फिलहाल सोशल मीडिया पर ही ज्यादा सक्रिय नजर आती हैं। ऐसे में फैंस उन्हें किसी बड़े रियलिटी शो में देखने के लिए उत्साहित हैं।
अगर निधि शाह 'बिग बॉस 20' में शामिल होती हैं, तो वह 'अनुपमा' से जुड़ी एक और स्टार बन जाएंगी, जो इस शो का हिस्सा रही हैं। इससे पहले मुस्कान बामने और गौरव खन्ना जैसे कलाकार भी बिग बॉस में नजर आ चुके हैं। वहीं रुपाली गांगुली भी शुरुआती सीजनों में शो का हिस्सा रह चुकी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान 21 सितंबर से 'बिग बॉस 20' की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। इससे पहले वह अपने अन्य प्रोफेशनल कमिटमेंट्स पूरे करेंगे। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 'बिग बॉस 20' का थीम इस बार कुछ अलग होगा। शो में पुराने सीजनों के 8 चर्चित कंटेस्टेंट्स को दोबारा बुलाया जा सकता है, जबकि 8 नए चेहरों को भी मौका मिलेगा। ऐसे में यह सीजन पुराने और नए खिलाड़ियों का दिलचस्प मुकाबला बन सकता है।
फिलहाल निधि शाह की एंट्री को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन अगर यह खबर सच साबित होती है, तो 'बिग बॉस 20' में दर्शकों को एक और लोकप्रिय टीवी चेहरा देखने को मिल सकता है।