एकता कपूर का चर्चित टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो में आ रहे नए ट्विस्ट और ड्रामा ने दर्शकों का ध्यान जरूर खींचा है, लेकिन इसके बावजूद टीआरपी के मामले में सीरियल को बड़ा झटका लगा है। अब शो को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसने फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
टीआरपी में आई भारी गिरावट
एक समय टीआरपी चार्ट पर टॉप पोजिशन पर रहने वाला 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। शो की रेटिंग में आई गिरावट ने मेकर्स और दर्शकों दोनों को हैरान कर दिया है। लगातार बदलती कहानी के बावजूद शो पहले जैसी पकड़ बनाए रखने में संघर्ष करता नजर आ रहा है।
10 साल के लीप की खबरों पर लगा ब्रेक
कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि शो में 10 साल का बड़ा लीप आने वाला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, लीप के बाद कहानी में बड़ा बदलाव देखने को मिलता और कुछ प्रमुख किरदारों का अंत भी हो जाता। इनमें पार्थ का किरदार निभा रहे सोहिल सिंह और रियांश की भूमिका में नजर आ रहे आकाशदीप सहगल के नाम भी शामिल थे।
क्या जल्द बंद हो जाएगा शो?
अब शो से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि मेकर्स फिलहाल 10 साल का लीप लाने की योजना पर काम नहीं कर रहे हैं। इसके बजाय शो को जल्द ऑफ-एयर करने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शो के बंद होने की खबरों पर न तो निर्माता एकता कपूर और न ही किसी कलाकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में फैंस फिलहाल मेकर्स की ओर से किसी औपचारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
पहले से तय थे सीमित एपिसोड
गौरतलब है कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' को शुरुआत में सीमित एपिसोड्स के साथ लॉन्च किया गया था। उस समय एकता कपूर ने संकेत दिए थे कि शो लंबे समय तक नहीं चलेगा और एक तय कहानी के बाद इसे समाप्त कर दिया जाएगा। शो को शुरू हुए लगभग एक साल होने वाला है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स कहानी को नए मोड़ के साथ आगे बढ़ाते हैं या फिर दर्शकों के पसंदीदा इस शो को अलविदा कहने का फैसला लेते हैं।