रियलिटी शो 'लॉकअप 2' इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स के विवादित बयानों की वजह से लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बार अभिनेता राम कपूर अपने एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। शो के दौरान उन्होंने रिश्तों और चीटिंग को लेकर अपनी राय रखी, जिस पर न सिर्फ कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला ने असहमति जताई, बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उन्हें जमकर घेरा।
'अगर प्यार सच्चा हो तो रिश्ता नहीं टूटना चाहिए'
शो में बातचीत के दौरान श्रेया कालरा ने राम कपूर से सवाल किया कि अगर उन्हें पता चले कि उनकी पार्टनर ने उन्हें धोखा दिया है, तो क्या वह दूसरा रिश्ता तलाशेंगे? इस पर राम कपूर ने जवाब दिया, "अगर आप सच में अपने पार्टनर से प्यार करते हैं, तो कोई भी रिश्ता इतनी आसानी से नहीं टूटता। शादी एक लंबा सफर है और इस पर हर दिन काम करना पड़ता है।"
'20-25 साल की शादी में उतार-चढ़ाव आते हैं'
राम कपूर ने आगे कहा कि लंबे वैवाहिक जीवन में अच्छे और बुरे दोनों दौर आते हैं। उन्होंने कहा, "20-25 साल की शादी में कई उतार-चढ़ाव आते हैं। कभी-कभी बुरे दौर में किसी एक से गलती हो सकती है। अगर आप अपने पार्टनर और बच्चों के बिना नहीं रह सकते, तो समय धीरे-धीरे सब ठीक कर देता है।"
आकांक्षा चमोला ने जताई कड़ी असहमति
राम कपूर की इस बात से आकांक्षा चमोला बिल्कुल सहमत नजर नहीं आईं। उन्होंने कहा, "फिजिकल रिलेशन गलती से नहीं होता। यह कोई एक्सीडेंट नहीं है, बल्कि कई सोच-समझकर लिए गए फैसलों का नतीजा होता है।" आकांक्षा ने आगे कहा, "किसी के साथ इंटीमेट होना एक पूरी प्रक्रिया है। इसे 'गलती' नहीं कहा जा सकता। ऐसा नहीं है कि गलती से किसी को चाकू लग गया हो।"
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
राम कपूर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि उनका बयान रिश्तों में चीटिंग को सामान्य बनाने की कोशिश करता है। एक यूजर ने लिखा, "ऐसे अनस्क्रिप्टेड शोज में लोगों की असली सोच सामने आ जाती है।" वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "चीटिंग को सही ठहराना बिल्कुल गलत है।"
वायरल हो रहा है शो का यह क्लिप
'लॉकअप 2' का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां कुछ लोग राम कपूर की बात से सहमत नजर आ रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में दर्शक आकांक्षा चमोला के तर्क का समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में यह बहस अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।