शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म 'कॉकटेल 2' 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं मेकर्स भी फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
अगर आप 'कॉकटेल 2' देखने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के साथ दो बहुप्रतीक्षित फिल्मों के टीजर भी बड़े पर्दे पर दिखाए जा सकते हैं।
खबरों के अनुसार, 'कॉकटेल 2' के साथ जिन दो फिल्मों के टीजर दिखाए जाने की संभावना है, उनमें 'प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी' और श्रद्धा कपूर की 'ईथा' शामिल हैं। खास बात यह है कि इन दोनों फिल्मों में 'स्त्री' फ्रेंचाइजी से जुड़े कलाकार नजर आएंगे, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित फिल्म 'प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी' में राजकुमार राव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण कर रहे हैं, जो हाल ही में अपनी वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' को लेकर चर्चा में रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, 'ईथा' में श्रद्धा कपूर प्रसिद्ध मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन 'छावा' फेम निर्देशक लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों टीजर 'कॉकटेल 2' के साथ दिखाए जाने की पूरी संभावना है, हालांकि इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। इससे पहले भी मैडॉक फिल्म्स अपनी फिल्मों के साथ आने वाले प्रोजेक्ट्स की झलक दर्शकों को दिखा चुका है। 'छावा' के साथ 'भूल चूक माफ' और 'स्त्री 2' के साथ 'छावा' का टीजर दिखाया गया था।
रिलीज से पहले 'कॉकटेल 2' को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से 'A' सर्टिफिकेट मिल चुका है। यह कृति सेनन के करियर की पहली एडल्ट-रेटेड फिल्म होगी। वहीं रश्मिका मंदाना के लिए 'एनिमल' के बाद यह दूसरी 'A' सर्टिफिकेट वाली फिल्म है।
शाहिद कपूर इससे पहले 'कमीने', 'उड़ता पंजाब', 'कबीर सिंह' और 'ओ रोमियो' जैसी एडल्ट-रेटेड फिल्मों में काम कर चुके हैं। ऐसे में 'कॉकटेल 2' को लेकर उनके फैंस के बीच भी काफी उत्सुकता बनी हुई है।