टीवी का चर्चित स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो की शूटिंग इन दिनों केपटाउन में चल रही है और दर्शक इसके प्रसारण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच शो को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
अविनाश मिश्रा बने पहले फाइनलिस्ट
शो से जुड़े फैन पेजों के मुताबिक, अभिनेता अविनाश मिश्रा ने 'टिकट टू फिनाले' जीतकर सीधे फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली है। बताया जा रहा है कि वह इस सीजन के पहले कंटेस्टेंट हैं जिन्होंने फाइनल में एंट्री हासिल की है। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है।
करण वाही ने भी बनाई फिनाले में जगह
अविनाश मिश्रा के बाद करण वाही ने भी 'टिकट टू फिनाले' जीतकर टॉप 3 में अपनी जगह बना ली है। गौरतलब है कि करण वाही इससे पहले 'खतरों के खिलाड़ी 8' का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि उस सीजन में वह ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाए थे, लेकिन इस बार उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए फिनाले तक का सफर तय कर लिया है।
फरहाना भट्ट भी पहुंचीं फाइनल राउंड में
खबरों के मुताबिक, अभिनेत्री फरहाना भट्ट भी 'खतरों के खिलाड़ी 15' की तीसरी फाइनलिस्ट बन गई हैं। उनके फाइनल में पहुंचने की खबर ने दर्शकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जुलाई में होगा शो का ग्रैंड प्रीमियर
हर बार की तरह इस बार भी मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी शो को होस्ट करते नजर आएंगे। 'खतरों के खिलाड़ी 15' का प्रसारण जुलाई से शुरू होने की उम्मीद है। ऐसे में अब फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर इस सीजन की ट्रॉफी किसके नाम होगी।