सीतापुर: रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बजेहरा में 14 वर्षीय किशोरी की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घर लौटने के कुछ दिन बाद हुई हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतका सुमिरता, पुत्री राजाराम यादव, कुछ दिन पहले ही बरामद होकर अपने घर लौटी थी। घर आने के कुछ दिनों बाद ही उसकी हत्या कर दी गई।
पिता ने बेटे समेत तीन लोगों पर लगाया आरोप
मृतका के पिता राजाराम यादव ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे कोमल, गांव के नेकपाल और उसकी पत्नी ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले दर्ज हुआ था अपहरण का मुकदमा
जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई को राजाराम यादव ने गांव नौवनबाग निवासी अनुराग यादव के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रामपुर मथुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
बरामदगी के बाद परिजनों को सौंपी गई थी किशोरी
पुलिस ने अगले दिन किशोरी को बरामद कर उसके बयान दर्ज किए थे। इसके बाद बाल कल्याण समिति (CWC) के आदेश पर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।