फिल्म निर्माता Rhea Kapoor की टीम से जुड़ा एक बड़ा चोरी का मामला सामने आया है। मुंबई के साहर पुलिस स्टेशन में 1.35 करोड़ रुपये कीमत की लग्जरी ईयररिंग्स गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। यह मामला मेट गाला इवेंट के लिए न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान सामने आया। पुलिस के अनुसार, सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह, जो पिछले सात वर्षों से रिया कपूर के साथ काम कर रही हैं, मेट गाला फैशन इवेंट में शामिल होने के लिए टीम के साथ न्यूयॉर्क गई थीं। इस दौरान उनके पास इवेंट में इस्तेमाल के लिए किराए पर ली गई बेहद महंगी ज्वेलरी मौजूद थी।
मुंबई के ज्वैलर्स से किराए पर ली गई थी ज्वेलरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज्वेलरी मुंबई के मेहता ज्वेलर्स और गोयनका ज्वेलर्स से किराए पर ली गई थी। दोनों जोड़ी ईयररिंग्स अलग-अलग बॉक्स में पैक थीं और उन्हें सवलीन सिंह के हैंडबैग में रखा गया था। टीम 27 अप्रैल को रात 10:25 बजे मुंबई से एमिरेट्स की फ्लाइट से रवाना हुई। दुबई में ट्रांजिट के बाद 28 अप्रैल की शाम न्यूयॉर्क के जॉन एफ. केनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद टीम ने पियरे होटल में चेक-इन किया। जब सवलीन सिंह ने ज्वेलरी के बॉक्स खोले तो दोनों डिब्बे खाली मिले। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
कौन-कौन सी ज्वेलरी हुई गायब?
गायब हुई ज्वेलरी में मेहता ज्वेलर्स के 18 कैरेट सोने, पन्ना और हीरे जड़े झुमकों का एक सेट शामिल है, जिसकी कीमत करीब 66 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, गोयनका ज्वेलर्स के जाम्बियन पन्नों और सोने की बॉर्डर वाले झुमकों का एक सेट भी गायब हुआ, जिसकी कीमत लगभग 69 लाख रुपये है। दोनों सेट की कुल कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मुंबई लौटकर दर्ज कराई गई शिकायत
भारत लौटने के बाद सवलीन सिंह ने साहर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस, यात्रा की पूरी टाइमलाइन खंगाली जा रही
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी आखिर कहां हुई। इसके लिए मुंबई एयरपोर्ट, फ्लाइट, दुबई ट्रांजिट और न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद की पूरी यात्रा की टाइमलाइन खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि करोड़ों रुपये की ज्वेलरी आखिर गायब कैसे हुई।