पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 19 जुलाई 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
फरार आरोपी की तलाश में पहुंची थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, बाढ़ थाना के सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह सशस्त्र रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वर्ष 2013 के एक हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले का नामजद फरार आरोपी मुन्ना यादव अपने घर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और STF के साथ संयुक्त छापेमारी की।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक देशी कट्टा और 34 कारतूस बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 60 वर्षीय देवी यादव और अमरजीत यादव उर्फ मैरू यादव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी बाढ़ थाना क्षेत्र के डमरिया गांव के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देशी कट्टा और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
मुख्य आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, जिस आरोपी की तलाश में छापेमारी की गई थी, वह मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ नया मामला
बरामदगी के बाद पुलिस ने बाढ़ थाना कांड संख्या 471/26 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।