जनपद की उतरौला पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक हाई-टेक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक मुख्य आरोपी और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 आईफोन, 1 एंड्रॉयड मोबाइल और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
चंद सेकेंड के लिए मोबाइल मांगकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी परिचित या अनजान व्यक्ति से बहाने से कुछ सेकेंड के लिए मोबाइल फोन मांगते थे। इसी दौरान वे कथित तौर पर पीड़ित की सिम निकालकर अपने आईफोन में लगाते, यूपीआई का नया पासकोड सेट करते और सिम वापस कर देते थे।
यूट्यूब से सीखा था ठगी का तरीका
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब के जरिए आईफोन पर यूपीआई ऐप लॉगिन करने और Apple Cloud की मदद से लॉगिन सेशन सक्रिय रखने की तकनीक सीखी थी। इसी तरीके का इस्तेमाल कर वे पीड़ितों के खातों तक पहुंच बना लेते थे।
नेपाल के कैसीनो में नकदी में बदलते थे रकम
पुलिस के अनुसार, ठगी के बाद आरोपी नेपाल के चंद्रौटा स्थित कैसीनो पहुंचते थे। वहां पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन भुगतान कर नकद रकम प्राप्त करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि कथित रूप से इस रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में किया जाता था।
सबूत मिटाने के लिए बेच देते थे मोबाइल
जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी इस्तेमाल किए गए मोबाइल स्थानीय दुकानों पर बेच देते थे और फिर दूसरा सेकंड-हैंड आईफोन खरीद लेते थे, ताकि डिजिटल साक्ष्यों को मिटाया जा सके।
दो बड़ी साइबर ठगी का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान 95 हजार रुपये और 1.65 लाख रुपये की दो बड़ी साइबर ठगी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।