भागलपुर/सुल्तानगंज: श्रावणी मेले के दौरान कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार के पीएचडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने कांवड़िया पथ स्थित कमराय चौक के पास जर्मन हैंगर टेंट सेवा शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
फीता काटकर किया सेवा शिविर का उद्घाटन
पीएचडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने जर्मन हैंगर टेंट का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता रवि कुमार सुमन उर्फ अरुण मंडल, पूर्व नगर उपसभापति मनोज यादव, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद नसीम, पियूष कुमार सहित एनडीए के कई कार्यकर्ता और पीएचडी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कांवड़ियों से जाना सुविधाओं का हाल
उद्घाटन के बाद मंत्री ने जर्मन हैंगर टेंट में ठहरे कांवड़ियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कांवड़ियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सुविधा मिलने की बात कही।
शुद्ध पानी, शौचालय और झरने की व्यवस्था
मीडिया से बातचीत में पीएचडी मंत्री ने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर जर्मन हैंगर टेंट, शुद्ध पेयजल, चापाकल, शौचालय और स्नान के लिए झरनों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कमियों को जल्द दूर करने का आश्वासन
मंत्री ने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की कमी है तो उसे अगले एक से दो दिनों के भीतर दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ियों की सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
श्रावणी मेले की तैयारियों पर सरकार का फोकस
श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन और विभिन्न विभागों की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और एनडीए के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।