शहर कोतवाली क्षेत्र के हाथी पार्क चौराहे पर आयोजित एक धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी की ओर से कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कथित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
कांग्रेस का आरोप है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक शालीनता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताया है।
कांग्रेस ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, वरिष्ठ नेता सुरेश पासी और अन्य कार्यकर्ता सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज नहीं करती है, तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही
पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा की ओर से नहीं आई प्रतिक्रिया
समाचार लिखे जाने तक भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।