छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार झांसी-ललितपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में किरण सिंह देव और उनके वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
खड़े ट्रक से पीछे से टकराई इनोवा कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव की इनोवा कार झांसी-ललितपुर नेशनल हाईवे पर खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रदेश अध्यक्ष और चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों को एंबुलेंस की मदद से झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
भाजपा नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से दोनों घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।