मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित एक डेयरी पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर बरामद किया।
50 किलो संदिग्ध पनीर और खाली पैकेट मिले
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 50 किलो संदिग्ध पनीर और मिल्क पाउडर के 50 खाली पैकेट बरामद किए। बरामद सामग्री को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया।
दूध पाउडर और फॉस्फेट के इस्तेमाल की बात आई सामने
जांच के दौरान डेयरी संचालक के भाई ने बताया कि पनीर तैयार करने में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और दूध के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करीब 49 किलो पनीर कराया गया नष्ट
कार्रवाई के बाद प्रशासन ने लगभग 49 किलो संदिग्ध पनीर को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया, ताकि इसे बाजार में न बेचा जा सके।
लाइसेंस में अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि रिटेल लाइसेंस पर ही पनीर का निर्माण किया जा रहा था। अनियमितताएं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत डेयरी संचालक और उनके भाई को नोटिस जारी किया गया है।
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।