नालंदा जिले के रहुई प्रखंड के सोनसा गांव स्थित बड़की खलिहान तालाब परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक सहयोगी स्वर्गीय केदार प्रसाद और उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय सरस्वती देवी की प्रतिमाओं का अनावरण किया।
ग्रामीणों की उमड़ी भारी भीड़
कार्यक्रम में नीतीश कुमार की एक झलक पाने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। समारोह स्थल पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली।
परिजनों से की मुलाकात, साझा की पुरानी यादें
पूर्व मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर रहे। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय केदार प्रसाद के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की और उनसे पुरानी राजनीतिक एवं व्यक्तिगत यादों को साझा किया। साथ ही मौजूद कार्यकर्ताओं और आम लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समारोह के दौरान नीतीश कुमार ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
वीआईपी आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे।