बाढ़ अनुमंडल के नवादा गांव के मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर महीनों से जलजमाव, कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरना अब हर दिन जोखिम उठाने जैसा हो गया है।
हर दिन हो रहे छोटे-बड़े हादसे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति के कारण लगभग रोजाना कोई न कोई दुर्घटना हो रही है। कभी बाइक सवार फिसलकर गिर जाते हैं, तो कभी साइकिल चालक और पैदल राहगीर कीचड़ व गड्ढों में फंसकर चोटिल हो जाते हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है।
सड़क चौड़ीकरण के बाद बढ़ी समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान नवादा गेट के सामने NH-31 का ढलान गांव की ओर कर दिया गया। इसके चलते बारिश का पानी मुख्य मार्ग पर जमा होने लगा। वहीं, जल निकासी के लिए बनी खंतियों को भी भर दिए जाने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई और समस्या और गंभीर हो गई।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब रोजाना लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं, तब भी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल किया कि आखिर कब तक इस समस्या का समाधान होगा और क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन जागेगा?
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मुख्य मार्ग पर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था करने, सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।