उत्तर प्रदेश विधानसभा के सबसे वरिष्ठ सदस्यों में शामिल निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक आलम बदी आज़मी का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे उन्होंने आजमगढ़ स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से जिले सहित पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
पांच बार बने विधायक, लंबे समय तक किया जनता का प्रतिनिधित्व
आलम बदी आज़मी पहली बार 1996 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2002, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज कर लगातार जनता का प्रतिनिधित्व किया। वे अपने लंबे राजनीतिक अनुभव, सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और जनसरोकारों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे।
आज शाम होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, आलम बदी आज़मी को आज शाम 4 बजे जामितुरशाद, आजमगढ़ में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और आम लोग पहुंच रहे हैं।
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
आलम बदी आज़मी के निधन की सूचना मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के नेता उनके आवास पहुंचे। इस दौरान विधायक संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, पूर्व पंचायती राज मंत्री बलराम यादव, भाजपा नेता अखिलेश मिश्र, सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजनीतिक जगत ने बताया अपूरणीय क्षति
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने आलम बदी आज़मी के निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। प्रशासन की ओर से भी अंतिम संस्कार को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उनके निधन से आजमगढ़ ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समाजवादी राजनीति के वरिष्ठ चेहरे को खो दिया है। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।