दिल्ली में चल रहे आंदोलन की गूंज अब अन्य राज्यों में भी सुनाई देने लगी है। उत्तर प्रदेश के हरदोई में भी सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्र, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने विरोध मार्च निकालकर अपनी मांगें उठाईं।
अंबेडकर पार्क से शुरू हुआ मार्च
प्रदर्शन की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क से हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सिनेमा चौराहा स्थित बुद्ध प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नीट और परीक्षा व्यवस्था को लेकर उठाई मांग
प्रदर्शनकारियों ने नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से हटाने की मांग भी उठाई।
सपा नेताओं की रही बड़ी भागीदारी
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने हिस्सा लिया। इनमें अखिलेश पाठक, डॉ. अरुण सिंह मौर्य और राम ज्ञान गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो लोकतांत्रिक तरीके से उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।